RBSE Class 10 Social Science Solutions Geography Chapter 7 राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ

RBSE Class 10 Social Science Solutions Geography Chapter 7 राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ

पाठ-सार

वस्तुओं तथा सेवाओं के आपूर्ति स्थानों से माँग स्थानों तक ले जाने हेतु परिवहन की आवश्यकता होती है। सघन व सक्षम परिवहन का जाल तथा संचार के साधन आज विश्व राष्ट्र व स्थानीय व्यापार हेतु पूर्व अपेक्षित हैं।
परिवहन के साधन—वे साधन जो कि व्यक्तियों तथा वस्तुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाने में सहायक होते हैं, परिवहन के साधन कहलाते हैं। वस्तुओं तथा सेवाओं का लाना- ले जाना पृथ्वी के तीन महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों पर किया जाता है – स्थल, जल तथा वायु। इन्हीं के आधार पर परिवहन को स्थल, जल व वायु परिवहन में वर्गीकृत किया जा सकता है। यथा
स्थल परिवहन- भारत विश्व में सबसे अधिक सड़क जाल वाले देशों में से एक है। यह सड़क जाल 56 लाख किमी. है। निर्माण तथा व्यवस्था में सड़क परिवहन, रेल परिवहन की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक है। देश में सड़कों की सक्षमता के आधार पर सड़कों को छ: वर्गों में वर्गीकृत किया गया है, यथा—(1) स्वर्णिम चतुर्भुज महा राजमार्ग, (2) राष्ट्रीय राजमार्ग, (3) राज्य राजमार्ग, (4) जिला मार्ग, (5) अन्य सड़कें तथा (6) सीमान्त सड़कें । सड़क निर्माण में प्रयुक्त पदार्थ के आधार पर भी सड़कों को कच्ची व पक्की सड़कों में वर्गीकृत किया जाता है।
( 1 ) पक्की सड़कें – पक्की सड़कें सीमेंट, कंक्रीट व तारकोल द्वारा निर्मित होती हैं। ये बारहमासी हैं।
( 2 ) कच्ची सड़कें – ये मिट्टी की बनी होती हैं जो वर्षा ऋतु में अनुपयोगी होती हैं।
रेल परिवहन— भारत में रेल परिवहन, वस्तुओं तथा यात्रियों के परिवहन का प्रमुख साधन है। रेलवे ईयर बुक 2017–18 के अनुसार भारतीय रेल 68,442 किमी. लम्बे मार्ग को अनेक गेज पर तय करती है। भारतीय रेल परिवहन को 16 रेल प्रखंडों में पुन: संकलित किया गया है। देश में रेल परिवहन के वितरण को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक हैं— भू-आकृतियाँ आर्थिक कारक व प्रशासनिक कारक ।
पाइप लाइन—भारत के परिवहन मानचित्र पर पाइप लाइन एक नवीन परिवहन का साधन है। वर्तमान में इसका प्रयोग कच्चा तेल, पेट्रोल उत्पाद तथा तेल से प्राप्त प्राकृतिक तथा गैस क्षेत्र में उपलब्ध गैस शोधनशालाओं, उर्वरक कारखानों व बड़े ताप विद्युतगृहों तक पहुँचाने में किया जाता है। देश में पाइप लाइन परिवहन के तीन प्रमुख जाल हैं—(i) ऊपरी असम के तल क्षेत्रों से गुवाहाटी, बरौनी व कानपुर तक (ii) गुजरात में सलाया से वीरम गाँव, मथुरा, दिल्ली-सोनीपत-जालंधर तक (iii) गैस पाइप लाइन गुजरात में हजीरा- जगदीशपुर (उत्तर प्रदेश) तक।
जल परिवहन—जल परिवहन, परिवहन का सबसे सस्ता साधन है। यह भारी व स्थूलकाय वस्तुएँ ढोने में अनुकूल है। निम्न जल मार्गों को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय जलमार्ग घोषित किया गया है।
(1) गंगा जल मार्ग (1620 किमी. लंबा)
(ii) ब्रह्मपुत्र नदी जल मार्ग (891 किमी. लंबा)
(iii) केरल में पश्चिम तटीय नहर (कोट्टपुरम से कोल्लम तक – 205 किमी. लंबा)
(iv) काकीनाड़ा-पुदुच्चेरी नहर + गोदावरी और कृष्णा नदी मार्ग (1078 किमी. लंबा)
(v) मातई नदी, महानदी, ब्राह्मणी नदी जलमार्ग (588 किमी. लम्बा)
प्रमुख समुद्री पत्तन — भारत की समुद्री तट रेखा के साथ 12 प्रमुख तथा 200 मध्यम व छोटे पत्तन हैं । देश के प्रमुख पत्तन हैं – कांडला, मुंबई, मार्मागाओ, न्यूमंगलौर, कोच्चि, तूतीकोरिन, चेन्नई, विशाखापट्टनम, पारादीप, हल्दिया और कोलकाता ।
वायु परिवहन — वर्तमान समय में वायु परिवहन तीव्रतम, आरामदायक व प्रतिष्ठित परिवहन का साधन है। इसके द्वारा अति दुर्गम स्थानों यथा ऊँचे पर्वत, मरुस्थलों, घने जंगलों व लम्बे समुद्री रास्तों को सुगमता से पार किया जा सकता है। सन् 1953 में वायु परिवहन का राष्ट्रीयकरण किया गया ।
संचार सेवाएँ–निजी दूर संचार तथा जन संचार में दूरदर्शन, रेडियो, समाचार-पत्र समूह, प्रेस तथा सिनेमा आदि देश के प्रमुख संचार साधन हैं।
 अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार – राज्यों व देशों में व्यक्तियों के बीच वस्तुओं का आदान-प्रदान व्यापार कहलाता है। दो देशों के मध्य यह व्यापार अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार कहलाता है।
 पर्यटन – एक व्यापार के रूप में – भारत में 150 लाख से अधिक व्यक्ति प्रत्यक्ष रूप से पर्यटन उद्योग में संलग्न हैं। इससे करोड़ों रुपये की विदेशी मुद्रा की प्राप्ति भी होती है ।

RBSE Class 10 Social Science राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ InText Questions and Answers

पृष्ठ 85

प्रश्न 1.
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 व 3 के मार्ग पर आने वाले स्थानों के नाम बतायें।
उत्तर:
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2- दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल-कोसीकलां-मथुरा-आगरा-इटावाकानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी-औरंगाबाद-चम्पारन-सिरसा-आसनसोल-रानीगंज-कोलकाता।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 3- आगरा-धौलपुर-मुरैना-ग्वालियर-शिवपुरी-इन्दौर-धूले-नासिक-मुम्बई।

पृष्ठ 87

प्रश्न 2.
वर्तमान रेल प्रखण्ड व उनके मुख्यालय बतायें।
उत्तर:

पृष्ठ 91

प्रश्न 3.
उत्तर-पूर्वी राज्यों में वायु परिवहन अधिक महत्वपूर्ण क्यों है?
उत्तर:
ऊबड़-खाबड़ भूमि, सघन वनीय क्षेत्र, अनेक नदी-नाले, तीव्रगामी जल स्रोत, बाढ़ का लगातार आना, सड़कें तथा रेलें बिछाना खर्चीला तथा कठिन होने के कारण उत्तर-पूर्वी राज्यों में वायु परिवहन अधिक महत्वपूर्ण है।

प्रश्न 4.
एयर इण्डिया से जुड़े देशों के नाम बतायें।
उत्तर:
चीन, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, मालदीव, अफगानिस्तान, इराक, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, थाइलैंड, कुवैत, सऊदी अरब, सिंगापुर, म्यांमार आदि देश एयर इण्डिया से जुड़े हुए हैं।

RBSE Class 10 Social Science राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ Textbook Questions and Answers

  1. बहुवैकल्पिक प्रश्न-

(i) निम्न में से कौनसे दो दूरस्थ स्थित स्थान पूर्वी-पश्चिमी गलियारे से जुड़े हैं-
(क) मुम्बई तथा नागपुर
(ख) मुम्बई और कोलकाता
(ग) सिलचर तथा पोरबन्दर
(घ) नागपुर तथा सिलिगुडी
उत्तर:
(ग) सिलचर तथा पोरबन्दर

(ii) निम्नलिखित में से परिवहन का कौनसा साधन वहनान्तरण हानियों तथा देरी को घटाता है-
(क) रेल परिवहन
(ख) पाइप लाइन
(ग) सड़क परिवहन
(घ) जल परिवहन
उत्तर:
(ख) पाइप लाइन

(iii) निम्न में से कौनसा राज्य हजीरा-विजयपुर-जगदीशपुर पाइप लाइन से नहीं जुड़ा है-
(क) मध्य प्रदेश
(ख) गुजरात
(ग) महाराष्ट्र
(घ) उत्तर प्रदेश
उत्तर:
(ग) महाराष्ट्र

(iv) इनमें से कौनसा पत्तन पूर्वी तट पर स्थित है जो कि अन्तःस्थलीय तथा अधिकतम गहराई का पत्तन है तथा पूर्ण सुरक्षित है-
(क) चेन्नई
(ख) तूतीकोरिन
(ग) पारादीप
(घ) विशाखापट्टनम
उत्तर:
(घ) विशाखापट्टनम

(v) निम्न में से कौनसा परिवहन साधन भारत में प्रमुख साधन है-
(क) पाइप लाइन
(ख) सड़क परिवहन
(ग) रेल परिवहन
(घ) वायु परिवहन
उत्तर:
(ख) सड़क परिवहन

(vi) निम्न में से कौनसा शब्द दो या अधिक देशों के व्यापार को दर्शाता है-
(क) आन्तरिक व्यापार
(ख) बाहरी व्यापार
(ग) अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार
(घ) स्थानीय व्यापार
उत्तर:
(ग) अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार

  1. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 30 शब्दों में दीजिये-

प्रश्न (i)
सड़क परिवहन के तीन गुण बताएँ।
उत्तर:

  • रेल लाइन की तुलना में सड़कों की निर्माण लागत बहुत कम आती है।
  • अधिक ढाल प्रवणता तथा पहाड़ी क्षेत्रों में भी सड़कें निर्मित की जा सकती हैं।
  • कम यात्री, कम दूरी व कम वस्तुओं के परिवहन में सड़कें मितव्ययी होती हैं।

प्रश्न (ii)
रेल परिवहन कहाँ पर अत्यधिक सुविधाजनक परिवहन साधन है तथा क्यों?
उत्तर:
रेल परिवहन मैदानी भागों में अत्यधिक सुविधाजनक परिवहन साधन है क्योंकि-

  • मैदानों की समतल भूमि पर रेलमार्ग बनाना सरल होता है।
  • मैदानों में रेल मार्ग बनाने पर अपेक्षाकृत कम लागत आती है।
  • मैदानी भागों में सघन जनसंख्या के कारण यात्रियों की संख्या अधिक होने से आय अधिक होती है।

प्रश्न (iii)
सीमान्त सड़कों का महत्व बताएँ।
उत्तर:
सीमान्त सड़कों ने दुर्गम क्षेत्रों में अभिगम्यता बढ़ाई है। उत्तरी तथा पूर्वी क्षेत्रों में सामरिक कार्यों को सम्पन्न करने में सहायता प्रदान की है तथा इन क्षेत्रों के आर्थिक विकास में सहायक हुई हैं।

प्रश्न (iv)
व्यापार से आप क्या समझते हैं? स्थानीय व अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार में अन्तर स्पष्ट करें।
उत्तर:
व्यापार से तात्पर्य-व्यक्तियों, क्षेत्रों, दो या दो से अधिक देशों के मध्य वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान को व्यापार कहते हैं।

स्थानीय व अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार में अन्तर

स्थानीय व्यापार अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार
1. एक क्षेत्र में व्यक्तियों तथा स्थानों के बीच होने वाले व्यापार को स्थानीय व्यापार कहते हैं। 1. दो या दो से अधिक देशों के बीच होने वाले व्यापार को अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार कहते हैं।
2. स्थानीय व्यापार स्थानीय लोगों के बीच में होता है। 2. अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार दो या दो से अधिक देशों के बीच होता।
3. स्थानीय व्यापार के दो अंग बेचना तथा खरीदना हैं। 3. अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार के दो अंग निर्यात तथा आयात हैं।
4. स्थानीय व्यापार में देश का धन देश में ही रहता है। 4. अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार में विदेशी मुद्रा का आदान-प्रदान होता है।
  1. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 120 शब्दों में दीजिये-

प्रश्न (i)
परिवहन तथा संचार के साधन किसी देश की जीवन रेखा तथा अर्थव्यवस्था क्यों कहे जाते हैं?
उत्तर:
परिवहन तथा संचार के साधन किसी देश की जीवन रेखा तथा अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इसे निम्नलिखित बिन्दुओं के अन्तर्गत स्पष्ट किया गया है-
(1) उत्पादक तथा उपभोक्ताओं को मिलाने में सहायक-परिवहन के साधनों द्वारा कच्चा मालं कलकारखानों में भेजा जाता है और तैयार माल उपभोक्ताओं तक पहुँचाया जाता है। थल परिवहन में ट्रक एवं रेलों द्वारा माल ढोया जाता है। तटीय भागों तथा विदेशों से माल आयात एवं निर्यात करने में जल परिवहन का प्रमुख स्थान है। इस प्रक्रिया से आर्थिक विकास को गति प्राप्त होती है।

(2) आवागमन में सहायक-परिवहन के साधन लोगों को उनके गन्तव्य तक ले जाने के प्रमुख माध्यम हैं। ये किसी देश की जीवन रेखा हैं।

(3) राष्ट्रीय एकता में सहायक-संचार एवं परिवहन के साधन देश के निवासियों को एक-दूसरे से जोड़ने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हें एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश व एक स्थान से दूसरे स्थान को देखने व समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना बलवती होती है। संचार के साधन सम्पर्क स्थापित करने में सहायक होते हैं।

(4) मनोरंजन के साधन संचार के साधन मानव समुदाय को स्वस्थ मनोरंजन प्रदान करते हैं, उनके ज्ञान में वृद्धि करते हैं तथा देश-विदेश को जानने-समझने की उनमें जागरूकता उत्पन्न करते हैं।

(5) नवीनतम जानकारियाँ मिलना-संचार के साधनों द्वारा किसानों को नई-नई तकनीकी, उत्तम कोटि के बीजों, कृषि उत्पादों के उचित मूल्यों की जानकारी प्राप्त होती है। इनके द्वारा विभिन्न उत्पादों को विज्ञापन की सहायता से लोकप्रिय बनाया जाता है।

(6) वैश्वीकरण में वृद्धि-संचार के साधनों के माध्यम से देश-विदेश के समाचारों, घटनाओं, परिघटनाओं को घर बैठे ही सुना एवं देखा जा सकता है। इन साधनों ने वैश्वीकरण के द्वार खोल दिए हैं।

प्रश्न (ii)
पिछले पन्द्रह वर्षों में अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार की बदलती प्रवृत्ति पर एक लेख लिखें।
उत्तर:
स्वतंत्रता प्राप्ति के उपरान्त से भारत के अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार का स्वरूप लगातार बदलता रहा है। वर्तमान समय के वैश्वीकरण के युग में इसमें तीव्र गति से परिवर्तन आ रहे हैं। विगत पन्द्रह वर्षों में इसमें होने वाले मुख्य परिवर्तनों का वर्णन इस प्रकार है-

  • भारत का विदेशी व्यापार विश्व के कोने-कोने में फैल गया है। भारत के विश्व के सभी प्रमुख देशों तथा व्यापारिक संघों के साथ व्यापारिक सम्बन्ध हैं।
  • भारत से निर्यात होने वाली प्रमुख वस्तुएँ रत्न व जवाहरात, रसायन एवं संबंधित उत्पाद तथा कृषि एवं संबंधित उत्पाद हैं।
  • विदेशों से भारत में मुख्यतः कच्चा पेट्रोलियम तथा सम्बन्धित उत्पाद, रत्न व जवाहरात, आधार धातुएँ, मशीनें, कृषि व अन्य उत्पाद आयात किये जाते हैं।
  • उदारीकरण की नीति के तहत जहाँ एक ओर भारतीय निर्यात के लिए विस्तृत परिक्षेत्र तैयार किया गया है, वहीं परिमाणात्मक नियंत्रण को समाप्त किया जा रहा है। कुछ वस्तुओं के व्यापार को लाइसेंस से मुक्त कर दिया है।
  • भारत सरकार ने निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए करों में अनेक रियायतों का प्रावधान किया है तथा निजी क्षेत्र को प्राथमिकता दी जा रही है।
  • विगत 15 वर्षों में भारत अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एक सॉफ्टवेयर महाशक्ति के रूप में उभरा है तथा सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से अत्यधिक विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहा है।

प्रश्न-प्रश्न पहेली
1. उत्तरी-दक्षिणी गलियारे (corridor) का उत्तरी छोर।
2. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 का नाम।
3. दक्षिण रेलवे खंड का मुख्यालय।
4. 1.676 मीटर चौड़ाई वाले रेल मार्ग का नाम।
5. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-7 का दक्षिणतम किनारा।
6. एक नदीय पत्तन।
7. उत्तरी भारत का व्यस्ततम रेलवे जंक्शन।
क्षैतिज, ऊर्ध्वाधर तथा विकर्ण रूप से शुरु करते हुए देश के विभिन्न गंतव्यों को चिह्नित करें।
[नोट: पहेली के उत्तर अंग्रेजी के शब्दों में हैं।]
उत्तर:

1. SRINAGAR
2. SHER SHAH SURI MARG
3. CHENNAI
4. BROAD GAUGE
5. KANYAKUMARI
6. KOLKATA
7. MUGHALSARAI

The Complete Educational Website

Leave a Comment